जिला स्वच्छता समिति की बैठक में डीएम ने दिए कड़े निर्देश, एडीओ सहित 50 पंचायत सहायकों पर गिरी गाज
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 18 Sep, 2025
- 325
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान लापरवाही पर कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने घुघली के एडीओ (पंचायत) का प्रदर्शन असंतोषजनक पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्देश दिया। वहीं, पंचायत सहायकों की उपस्थिति की समीक्षा में लगातार अनुपस्थित रहने वाले 50 पंचायत सहायकों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
बैठक में डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि व्यक्तिगत शौचालय के लंबित 2722 आवेदनों में से 446 का निस्तारण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पर संबंधित एडीओ की एक वेतन वृद्धि रोकी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शौचालयों की रेट्रोफिटिंग और सत्यापन कार्य को तेज किया जाए। निचलौल और धानी के ‘सी’ ग्रेड पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्रदर्शन सुधारने को कहा। साथ ही पंचायत भवनों में निष्क्रिय पड़े जनसेवा केंद्रों को सक्रिय कराने और अंत्येष्टि स्थलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी बीडीओ को ग्राम पंचायतों की ओएसआर (स्वयं के स्रोत से आय) बढ़ाने पर जोर देते हुए ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ओडीएफ प्लस ग्रामों के सत्यापन और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की मांग न आने पर संबंधित ब्लॉकों को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 25 सितंबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके अलावा प्रति ग्राम पंचायत 4-4 सीटीयू का चयन कर सफाई अभियान चलाने और विरासत वृक्ष अभियान को गति देने के भी निर्देश दिए।

